पर्यटकों की सुविधा व्यवस्थाओं का जायजा लिया
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह ने जागेश्वर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर पर्यटक सुविधाओं, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने पनुवानौला और अर्तोला क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीएम ने अर्तोला पार्किंग को बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए मल्टी स्टोरी पार्किंग के रूप में विकसित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा। अर्तोला से जागेश्वर तक पैदल निरीक्षण करते हुए उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, वॉलेंटियर तैनाती, कूड़ा संग्रहण तथा नियम उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जागेश्वर मंदिर पहुंचकर जिलाधिकारी ने पूजा-अर्चना की, मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और पुजारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी हितधारकों के साथ बैठक कर समाधान योजना तैयार करने तथा जागेश्वर मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
