अत्याधुनिक हाईटेक एंबुलेंस भेंट की
गोपेश्वर। श्री बद्रीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की गई है। नगर पंचायत बद्रीनाथ को श्री संपूर्ण देव स्थल मंदिर, जयपुर ट्रस्ट की ओर से अत्याधुनिक हाईटेक एंबुलेंस भेंट की गई है। इसका लोकार्पण जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने वर्चुअल माध्यम से किया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित और बद्रीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी के प्रयासों से ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस का उपयोग गंभीर मरीजों के उपचार और उन्हें सुरक्षित रूप से हायर सेंटर तक पहुंचाने में किया जाएगा। एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है। साथ ही इसमें डीप फ्रीजर मोर्चरी कम्पार्टमेंट की सुविधा भी दी गई है। यात्रा सीजन के दौरान इस सुविधा से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आपात स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सहायता मिल सकेगी।
