Sat. Apr 25th, 2026

आग लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई

देहरादून। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वनाग्नि समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों को सतर्क रहते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में बढ़ती गर्मी के चलते वनाग्नि की घटनाओं की संभावना अधिक है। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, वन विभाग एवं पुलिस को संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण करने तथा आग लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि असामाजिक तत्वों में भय बना रहे। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को संवेदनशील क्षेत्रों की सूची संबंधित एसडीएम के साथ साझा करने, जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने, निगरानी बढ़ाने तथा सभी क्रू स्टेशन व उपकरणों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही वनाग्नि की रोकथाम के लिए 10 दिवसीय विशेष अभियान संचालित करने एवं फायर टीम द्वारा त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा। प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना ने बताया कि आग लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत आज ही अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि वनाग्नि की रोकथाम हेतु पीरूल एकत्रीकरण किया जा रहा है तथा लगभग 17.5 किमी क्षेत्र में फायर लाइनों की सफाई पूर्ण कर ली गई है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *