नशा मुक्ति को लेकर प्रशासन सख्त
देहरादून। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में नशा उन्मूलन एवं अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र मेहरा द्वारा NDPS Act के अंतर्गत दर्ज मामलों एवं हालिया घटनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि जनपद में नशे के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित मुकदमों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में नशा मुक्ति हेतु जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को मानस हेल्पलाइन के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर बायोमेडिकल अपशिष्ट को अल्मोड़ा स्थित अधिकृत इकाइयों को भेजकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार का पर्यावरणीय या स्वास्थ्य संबंधी जोखिम उत्पन्न न हो। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में अल्पायु व्यक्तियों को शराब की बिक्री या उपलब्धता न हो, इसके लिए सख्त निगरानी रखी जाए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, पुलिस निरीक्षक सलाहुद्दीन खान, जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य, ए.सी.एम.ओ. डॉ. दीपक कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती, वर्चुअल माध्यम से सभी उपजिलाधिकारी एवं औषधी निरीक्षक पूजा रानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
