Thu. Apr 16th, 2026

विकास संभावनाओं का लिया जायजा

देहरादून। जनपद पौड़ी गढ़वाल में पर्यटन एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लैंसडाउन क्षेत्र के पालकोट में प्रस्तावित एडवेंचर (इको) पार्क की भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर विकास संभावनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि पार्क को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें कैनोपी ब्रिज, प्लैंक ब्रिज, जिप लाइन, नेट टनल, कैट वॉक, बर्मा लूप, लॉग-टू-लॉग ब्रिज, स्काई साइकिल, नेट बकेट व टायर क्रॉसिंग जैसी साहसिक गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

जिलाधिकारी ने सभी कार्य उच्च गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा नेट लगाने तथा शीघ्र 3-डी लेआउट व विस्तृत ओरिएंटेशन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

साथ ही कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा पार्क में स्वच्छता, पेयजल, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था व सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लैंसडाउन के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यह परियोजना पर्यटकों की संख्या बढ़ाएगी और जनपद की पर्यटन छवि को मजबूत करेगी। इस पहल पर होटल एसोसिएशन ने आभार व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता मुकेश दत्त सहित अन्य अधिकारी व होटल एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *