Tue. Mar 24th, 2026

तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

logo

बागेश्वर। भारत जनगणना 2027 के अंतर्गत तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर दीप चंद्र जोशी और हेमंत कुमार ने उपस्थित फील्ड ट्रेनर्स को उनके महत्वपूर्ण कार्य दायित्वों की जानकारी दी और जनगणना से जुड़ी विभिन्न तकनीकी बारीकियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि यह भारत के इतिहास की पहली ऐसी जनगणना होगी, जिसमें आंकड़ों का संग्रहण पूरी तरह से डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा। इस आधुनिक प्रक्रिया के तहत प्रगणक विशिष्ट मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग करेंगे और परिवारों से डेटा एकत्रित कर उसे सीधे अपने स्मार्टफोन पर दर्ज करेंगे। इसके अतिरिक्त, इस बार आम जनता की सुविधा के लिए एक निर्दिष्ट वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी प्रदान किया जाएगा, जिससे परिवार स्वयं भी अपना विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। जनगणना के प्रथम चरण की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि मकानसूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य आगामी 25 अप्रैल से शुरू होकर 24 मई तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक मुख्य रूप से मकानों की वर्तमान स्थिति, परिवारों को उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और परिसंपत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाएंगे।प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *