Tue. Mar 24th, 2026

बीटल्स आश्रम व चौरासी कुटिया का निरीक्षण किया

देहरादून।  जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत विकसित किए जा रहे बीटल्स आश्रम व चौरासी कुटिया का निरीक्षण कर विकास एवं संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य आश्रम की ऐतिहासिक और पौराणिक पहचान को संरक्षित रखते हुए किए जाएं, ताकि इसे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में स्थित 121 कुटियाओं के पुनरोद्धार कार्य को पुराने स्वरूप के अनुरूप करने तथा दीवारों का रंग भी पारंपरिक शैली में करने के निर्देश दिए। संग्रहालय निर्माण की समीक्षा करते हुए क्यूरेटर को संग्रहालय का 3-डी डिजाइन तैयार करने को कहा, साथ ही परिसर में मिलने वाली किसी भी ऐतिहासिक वस्तु को संग्रहालय में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कैंटीन परिसर का निरीक्षण कर पर्यटकों के लिए बाहर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा प्राकृतिक शैली में लकड़ी की बैठने की व्यवस्था विकसित करने को कहा। पुराने किचन ब्लॉक का निरीक्षण करते हुए बताया गया कि यहां मरम्मत कार्य जारी है और भविष्य में कैंटीन का संचालन यहीं से किया जाएगा। बैंक भवन को इतिहासकारों के साथ समन्वय कर पुराने समय के बैंक की शैली में विकसित करने, हॉस्टल भवन में चल रहे रेट्रोफिटिंग कार्य की समीक्षा करते हुए मिली पुरानी पेंटिंग्स को संरक्षित रखने के निर्देश दिए। म्यूजिक हॉल में रेट्रोफिटिंग के साथ बीटल्स के संगीत से संबंधित बैकग्राउंड साउंड सिस्टम की व्यवस्था करने को कहा, ताकि पर्यटक उस दौर के संगीत और माहौल को महसूस कर सकें। चौरासी कुटिया क्षेत्र में भूमि कटाव की स्थिति पर विस्तृत आकलन कर इसे डीपीआर में शामिल करने तथा परिसर के मार्गों में आधुनिक टाइल्स की बजाय पारंपरिक पत्थर के रास्ते बनाने के निर्देश दिए। वन विभाग द्वारा पक्षियों की मौजूदगी की जानकारी पर परिसर के पीछे के मार्ग को बर्ड वॉचिंग ट्रेल के रूप में विकसित करने को कहा। साथ ही परिसर में स्पष्ट व आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे पर्यटकों को स्थल के इतिहास और गतिविधियों की जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार वैभव जोशी, कानूनगो यशपाल नेगी, पटवारी वेद प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *