फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार बनाएगी पुष्प नीति
देहरादून। उत्तराखंड में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार पुष्प नीति बनाने जा रही है। निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल के मुताबिक इसके लिए महाराष्ट्र और हिमाचल सहित विभिन्न राज्यों की नीति का अध्ययन किया जा रहा है।निदेशक बागवानी मिशन के मुताबिक राज्य में लोग जरबेरा, लिलियम, गैंदा, कारनेशन, गुलाब आदि फूलों की खेती करते आ रहे हैं लेकिन राज्य की अपनी कोई पुष्प नीति न होने से पुष्प उत्पादकों को अपने फूल स्थानीय बाजार या फिर दिल्ली और चंडीगढ़ भेजने पड़ रहे हैं, पुष्प नीति में पुष्प मंडी की व्यवस्था की जाएगी। पूर्व में रुद्रपुर में पुष्प मंडी की स्थापना को मंजूरी मिली थी लेकिन मंडी चालू स्थिति में नहीं है। उद्यान विभाग के निदेशक एसएल सेमवाल बताते हैं कि पुष्प नीति बनने के बाद राज्य में फूलों की खेती क्लस्टर में की जाएगी।
