Fri. Feb 27th, 2026

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार जीवन के अभिन्न अंग : बर्द्धन

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद ( यूकॉस्ट), देहरादून स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र में दो -दिवसीय नवाचार महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आनंद बर्द्धन, मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा किया गया। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार आज के जीवन का अभिन्न अंग हैं तथा विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच और नवाचार की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ना चाहिए। सचिव नितेश कुमार झा ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं पहलुओं की जानकारी देते हुए राज्य में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता पर बात की। यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने नवाचार महोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य के विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं नवाचारकों को अपने विचारों एवं तकनीकी उपलब्धियों के प्रदर्शन हेतु एक सशक्त मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने साइंस सिटी निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया तथा यूकॉस्ट की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया, जिनमें सामुदायिक रेडियो स्टूडियो (विज्ञान वाणी), जैव विविधता पार्क, हाइड्रोपोनिक सेटअप, जल प्रयोगशाला, बौद्धिक सम्पदा अधिकार केन्द्र, साइंस एजुकेशन रिसर्च विंग, नालेज मैनेजमेंट सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, हिमालयन गैलरी एवं अन्य प्रमुख अवसंरचनाएं एवं अनुभाग मुख्य रूप से शामिल रहे.इस अवसर पर विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार विषयक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें विभिन्न नवाचार परियोजनाओं एवं स्टार्टअप्स ने अपने उत्पाद एवं मॉडल प्रदर्शित किए। प्रथम पैनल चर्चा “विज्ञान एवं नवाचार में महिलाएं: अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा” विषय पर आयोजित की गई, जिसमें राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से महिला उद्यमियों ने सहभागिता की। पैनल में डॉ. रीमा पंत (शिक्षाविद्), सुश्री मीनाक्षी खाती (ऐपण प्रोजेक्ट), सुश्री हिमानी गोस्वामी (विकास्या), सुश्री नमिता टम्टा (बाबा एग्रोटेक) शामिल रही । द्वितीय पैनल चर्चा “प्रभावी नवाचार: विज्ञान आधारित स्टार्टअप्स एवं बैंकिंग सहयोग की भूमिका” विषय पर आयोजित की गई। इस सत्र में डॉ. भुवन जोशी, डिप्टी हेड , उदयपुर सोलर ऑब्जर्वेटरी , श्री अजय रावत (एस्ट्रोवर्स, हल्द्वानी) तथा डॉ. पीयूष गोयल, एमेरिटस वैज्ञानिक, यूकॉस्ट शामिल रहे। महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे रंगोली, नाटक, प्रश्नोत्तरी, एक्सटेम्पोर, पोस्टर एवं मॉडल आदि में प्रतिभाग किया । साथ ही रचनात्मकता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स एवं स्टेम विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया। बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) एवं करियर मार्गदर्शन विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *