तहसील दिवस पर आयोजित शिविर में सुनी जनसमस्याएं
सतपुली। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सतपुली में आयोजित तहसील दिवस में 44 शिकायतें दर्ज हुईं। अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों को एक पखवाड़े के भीतर हल करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत की व्यक्तिगत निगरानी की जाएगी।
विधवा आनंदी देवी के पेंशन प्रकरण में उसी दिन केवाईसी पूर्ण कर स्वीकृति के निर्देश दिए गए। दिव्यांग अशोक कुमार को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत आवेदन भरवाकर लाभ दिलाने को कहा गया। नगर पंचायत सुपरवाइजर हर्षवर्धन गौड़ का अक्टूबर से जनवरी तक लंबित वेतन 28 फरवरी तक देने, अन्यथा राजस्व वसूली की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तहसील दिवस में राष्ट्रीय राजमार्ग534 के चौड़ीकरण से क्षतिग्रस्त हैंडपंप, पाइपलाइन व अन्य परिसंपत्तियों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने, सड़क मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, डांडा बग्याली मोटर मार्ग से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन 15 मार्च तक ठीक करने, ज्वाल्पा व भूमियांडांडा पंपिंग योजनाएं 28 फरवरी तक पूर्ण करने तथा नौगांवखाल-तुमाखाल मार्ग का डामरीकरण 15 मार्च तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। रैतपुर मल्ला निवासी पंचम सिंह के खराब विद्युत मीटर प्रकरण का समाधान एक सप्ताह में करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली की दीवार 3 दिन में ठीक कराने, महिला मिलन केंद्र एकेश्वर को जिला योजना में प्रस्तावित करने तथा 5 सोलर लाइट मौके पर स्वीकृत की गईं।
