Tue. Feb 17th, 2026

उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी से

logo

रामनगर। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को नकल-विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य, मंडल और जिला स्तर पर तीन-स्तरीय सचल दल गठित किए जाएंगे। इस वर्ष प्रदेश भर से कुल 216,109 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 112,660 और इंटरमीडिएट के 103,449 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
प्रदेशभर में होने वाली उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें 50 एकल (गर्ल्स व ब्वॉयज) और 1211 मिश्रित केंद्र शामिल हैं। संवेदनशीलता के आधार पर 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति-संवेदनशील चिह्नित किया गया है। इसके अतिरिक्त 24 नए परीक्षा केंद्र भी जोड़े गए हैं। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो टिहरी जिले में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जबकि चंपावत जिले में सबसे कम 44 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बोर्ड सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के अनुसार, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर लिए गए हैं और प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
नकल पर सख्त निगरानी के लिए राज्य, मंडल और जिला स्तर पर तीन-स्तरीय सचल दल गठित किए जाएंगे। ये टीमें औचक निरीक्षण कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था और अनुशासन की जांच करेंगी। अति-संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *