बारिश और बर्फबारी की आशंका
देहरादून। मौसम विभाग ने कल प्रदेश के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बारिश एवं बर्फबारी की संभावना जताई है। चमोली जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने जानकारी दी कि रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई), चंडीगढ़ द्वारा 29 जनवरी को सायं 5:00 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 सायं 5:00 बजे तक उत्तराखण्ड राज्य के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी एवं हिमस्खलन की संभावना व्यक्त की गई है। इस अवधि के लिए जनपद चमोली को डेंजर लेवल-3 में रखा गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि अधिक बर्फबारी की स्थिति में जनपद के कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा हो सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे बर्फीले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें, बर्फ गिरने की स्थिति की लगातार जानकारी लेते रहें। साथ ही उन्होंने लोगो से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की । जिलाधिकारी ने कहा जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन से अनुरोध है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।आपात स्थिति में जनसहयोग से किसी भी संभावित जोखिम को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है।
