गूलरभोज के बौर जलाशय में नहाते समय डूबा जवान
हल्द्वानी। भारतीय सेना की सप्लाई कोर हल्द्वानी में तैनात जवान गूलरभोज के बौर जलाशय में नहाते समय डूब गया। वह तीन साथियों के साथ घूमने आया था। सूचना के बाद एसडीआरएफ, जल और नागरिक पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सुराग नहीं मिला।
आर्मी सप्लाई कोर में नायक पद पर तैनात 25 वर्षीय हिमांशु मिश्रा हवलदार दीनदयाल, नायक लवप्रीत सिंह व संजय कुमार के साथ बौर जलाशय घूमने आया था। हिमांशु नहाने को जलाशय के 8.5 पर उतर गया। पानी के प्रवाह में फंसने पर वह डूबने लगा। साथियों ने आनन-फानन में पुलिस चौकी को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी विजेंद्रकुमार मौके पर पहुंचे और आर्मी हेड क्वार्टर हल्द्वानी को बताया। जल पुलिस प्रभारी प्रशांत कुमार व एसडीआरएफ प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाया । हिमांशु मूल रूप से बिहार का निवासी हैऔर फिलहाल वह बेंगलुरु में रहते हैं और हल्द्वानी में तैनात हैं।
