Wed. Jan 21st, 2026

जन जागरूकता कार्यक्रमों का किया भव्य आयोजन

logo

उत्तरकाशी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना”थीम पर आधारित विविध जन जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम सहित जनपद की समस्त नगर निकायों,ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ से हुई। जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों,सामाजिक संगठनों,महिला समूहों,आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों,स्कूली बच्चों,युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया और स्वच्छ,हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। जिलाधिकारी डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट ने जिला मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। उन्होंने कीर्ति इंटर कालेज परिसर में एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को प्रोत्साहित किया। नागरिकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इन सभी कार्यक्रमों में नगर निकायों,ग्राम पंचायतों,वन विभाग,नमामि गंगे,स्वच्छ भारत मिशन,महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन,आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं जनसामान्य का उत्साहजनक सहयोग रहा। जनपद में पर्यावरण जागरूकता रैलियां निकाली गई। रैलियों में प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ,स्वच्छ जल स्वस्थ कल जैसे नारों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई गई। पूरे जनपद में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।सार्वजनिक स्थलों,घाटों,विद्यालय परिसरों व बाजार क्षेत्रों में सफाई की गई और प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण कर निस्तारण किया गया। जनपद मुख्यालय में जिलाधिकारी के नेतृत्व में कीर्ति इंटर कॉलेज से प्रमुख चौराहों व शहर के अंदर पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। तथा रामलीला मैदान में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना’ हमें आत्मचिंतन करने के लिए प्रेरित करती है। यह समय है जब हमें सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग कर प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण महज़ एक दिन का प्रयास नहीं,बल्कि यह एक निरंतर जिम्मेदारी है,जिसे हमें अपनी जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *