कुल्हाड़ी से हमला कर बेटे ने की मां की हत्या
अल्मोड़ा। जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी मां की हत्या कर दी। राजस्व पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर शव अपने कब्जे में ले लिया है। नैलवालपाली राजस्व क्षेत्र के कनगढ़ी गांव की, 71 वर्षीय गाऊली देवी पत्नी मूसीराम का बड़ा बेटा आनंद राम इन दिनों घर आया था और वह अपने परिवार से अलग दूसरे घर में रहता था। आरोपित की पत्नी और तीन बच्चे बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि गत दिवस सुबह गाऊली देवी, आनंद राम को राशन देने गई थी। इसी दौरान दोनों में विवाद हो गया। इसी दौरान वृद्ध महिला के बेटे ने अपनी माँ पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि गांव में तीन चार ही मकान हैं जो एक दूसरे से काफी दूरी पर है। इस घटना की सूचना पास के दूसरे गांव के किसी व्यक्ति द्वारा एक दिन बाद बृहस्पतिवार सुबह राजस्व पुलिस को दी गई। राजस्व विभाग की टीम मौके पर गांव पहुंची। जहां मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतका गाऊली देवी अपने छोटे बेटे गोपाल राम के साथ रहती थी। गोपाल राम की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्यारोपी आनंद राम को गिरफ्तार कर लिया है।
