केदारनाथ यात्रा में इंतजाम अच्छे, और बेहतर के लिए होंगे ठोस प्रयास: ऐश्वर्या
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने व्यापारियों, महिला समूहों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही बाबा केदार के दर्शनों पर आये श्रद्धालुओं से यात्रा व्यवस्थाओं के बारे में पूछा और उनके अनुभवों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और विभागों के द्वारा अच्छे इंतजाम किये गये हैं। मंगलवार को राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने अगस्त्युनि से कुंड, गुप्तकाशी होते हुए फाटा, सोनप्रयाग और गौरीकुंड तक हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही। साथ ही अन्य स्थानों पर भी छोटी-छोटी पार्किंग के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक संचालित शटल सेवा के बारे में भी जानकारी ली। वापस में महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने गुप्तकाशी में महिला समूहों से बातचीत करते हुए यात्रा में स्वरोजगार गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने उनसे कहा कि बाजार में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रयास किये जाएं, जिससे उनका व्यवसाय भी चल सके। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने हाईवे का निरीक्षण किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दे दी गई है। साथ ही भ्रमण की समग्र रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।
