Wed. Mar 4th, 2026

राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर की पूजा अर्चना

logo

चमोली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) सोमवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा में प्रतिभाग किया। यहां उन्होंने देश और राज्य की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। राज्यपाल ने करीब 1 घंटे का समय धाम में व्यतीत किया।राज्यपाल अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः हैलीकॉप्टर से बदरीनाथ हैलीपैड पहुंचे। यहां जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिसके बाद कार से राज्यपाल बदरीनाथ मंदिर पहुंचे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने जिलाधिकारी संदीप तिवारी से धाम में चल रहे मास्टर प्लान की जानकारी ली। उन्होंने सिविक एनीमिटी सेंटर, सिविक कम्युनिटी सेंटर,अराइवल प्लाजा की प्रगति पर संतोष जताया जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि टूरिस्ट मैनेजमेंट सेंटर और आईएसबीटी का कार्य पूर्ण हो गया है।
राज्यपाल महोदय ने शेष नेत्र और बद्रीश झील का कार्य पूर्ण होने पर निर्देश दिए साथ ही दोनों लेक की सफाई व्यवस्था सुचारू रखी जाये और आस्था पथ पर जितना लाइट इत्यादि का कार्य है उसे मेंनटेन रखा जाए। इसके अलावा हॉस्पिटल बिल्डिंग को अगस्त तक पूर्ण करके मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को अच्छी चिकित्सीय सुविधा मिल सके। राज्यपाल महोदय ने जिलाधिकारी से सीमांत क्षेत्र माणा में होने वाले विकास कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बाघा बार्डर और गुजरात की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चल रहे कार्यों का अवलोकन करें और उसी तर्ज पर माणा क्षेत्र के लिए भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राज्यपाल ने चार धाम व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन की प्रशंसा की और यह भी कहा कि यहां पर पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति का एक अच्छा समन्वय देखने को मिला साथ ही उन्होंने इस कार्य में लगे सभी मंदिर समिति के सदस्य,पंडा, पुरोहित, पुलिस फोर्स और प्रशासन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई दी और पूरी यात्रा के लिए सभी को निर्देशित किया कि इसी तरह कार्य करते रहें। राज्यपाल ने कहा कि यहां पर उन्हें बहुत ही दिव्य अनुभव हुआ है सभी के चेहरे में एक अलग ही प्रसन्नता देखने को मिल रही है जिससे कि वे अभिभूत हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे दोबारा यहां आना चाहेंगे और और जिला प्रशासन से यह भी कहा कि आगे भी इसी तरह व्यवस्थाओं को सुचारू रखा जाए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ट, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *