Thu. Jun 18th, 2026

उत्तराखंड का सकल राज्य घरेलू उत्पाद 20 महीने में 1 दशमलब 3 गुना की बढ़ोत्तरी हुई

देहरादून। उत्तराखंड का सकल राज्य घरेलू उत्पाद 20 महीने में 1 दशमलब 3 गुना की बढ़ोत्तरी हुई। राज्य सकल घरेलू उत्पाद 2021-22 में 2.74 लाख करोड़ था, जो 2023-24 में बढ़कर 3.46 लाख करोड़ रुपये हो गया है। पिछले दो वर्ष में राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 26 प्रतिशत वृद्धि हुई है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2021-22 में 2 लाख 5 हजार रूपये थी जो 2023-24 में बढ़कर 2 लाख 60 हजार रूपये हो गई है। राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रति व्यक्ति आय में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में वर्क पॉपुलेशन रेशियो में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने से राज्य में श्रमिक जनसंख्या अनुपात में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक साल में बेरोजगारी दर में भी 4 दशमलब 4 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि 2022-23 में राज्य की बेरोजगारी दर 14.2 प्रतिशत था जो 2023-24 में घटकर 9.8 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नई नीतियों और पुरानी नीतियों में संशोधन व रोजगार और स्वरोजगार के लिए चलाये गये कार्यक्रमों से भी सकल राज्य घरेलू उत्पाद में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन और विनिर्माण के क्षेत्र में आर्थिक विकास दर में सर्वाधिक बढ़ोतरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *