Mon. May 4th, 2026

वन कर्मियों ने सेंचुरी क्षेत्र में आग लगाते 6 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा

logo

समाचार इंडिया/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की टीम ने उखीमठ रेंज के सेंचुरी क्षेत्र में रामबाड़ा अनुभाग के कालीफाट मीठा पानी में 6 लोगों को जंगल में आग लगाते हुए पकड़ा। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म भी कुबूल किया है। बीते 5 मई को केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की गोपेश्वर और उखीमठ रेंज की टीम सोनप्रयाग- भीमबली क्षेत्र का भ्रमण किया था। इस दौरान कर्मियों को कालीफाट के मीठा पानी में 6 लोग मिले, जिन्होंने वहां वन क्षेत्र में आग लगा रखी थी। पूछताछ में इन लोगों ने अपना नाम मस्तान सिंह, राजेंद्र खत्री, मनोज चंद्र, देवेंद्र लाल, मान सिंह और शाहिल चंद्र पुत्र विनोद चंद्र, निवासी डंगवाल गांव, जखोली, बताया। इस दौरान वन विभाग के कर्मियों ने वनाग्नि भी बुझाई। साथ ही सभी आरोपियों को उखीमठ रेंज कार्यालय लाया गया। जहां उनके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ अभिमन्यु सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में जंगल में आग लगाना स्वीकार किया है। आरोपियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया कि अभी तक वनाग्नि के मामलों में दोनों प्रभाग में 25 से अधिक मुकदमें दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने आमजन से वनों को आग से बचाने के लिए सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *