Tue. Dec 23rd, 2025

धामी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मांगा जनसमर्थन

समाचार इंडिया/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश के सैनिकों को सुविधाओं से वंचित रखने के साथ उनका मनोबल गिराने का कार्य किया है। जिनके कारण देश सुरक्षित है। ऐसे सैनिकों की चिंता कभी कांग्रेस ने नहीं की। जबकि भाजपा सरकार ने सैनिकों को मिलने वाली विभिन्न पुरस्कार राशियों में अभूतपूर्व वृद्धि करने का कार्य किया है। यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के सैन्यधाम को पांचवें धाम की संज्ञा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रणाम को देवभूमि के जन-जन तक पहुंचाने के लिए रुद्रप्रयाग के जखोली में शनिवार को विजय संकल्प रैली निकाली और लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन मांगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह देश का पहला चुनाव है, जहां परिणाम पहले से ही जीत सुनिश्चित है। देश के जन-जन को पता है कि मोदी की सरकार बनने जा रही है। समूचे उत्तराखंड की जनता के उत्साह से यह सुनिश्चित है कि प्रदेश में पांच कमल खिलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्ष्य 400 पार को प्राप्त करना सबकी जिम्मेदारी है। मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना विकसित भारत की गारंटी है। प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीकेदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण करने का अभूतपूर्व कार्य किया है। मोदी के नेतृत्व में आने वाले वर्षों में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग के बीच रेल सेवा भी प्रारंभ हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *