Fri. Dec 19th, 2025

सीएम धामी ने किया कन्या-पूजन

समाचार इंडिया/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शारदीय नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर वैष्णवी शक्ति माँ महामाया जगत जननी आदिशक्ति भगवती की उपासना को समर्पित नवरात्रि के पावन पर्व का उद्यापन कर हवन किया। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से कन्या-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने आद्याशक्ति, परब्रह्म स्वरूपा देवी माँ से राज्य की उन्नति एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि की कामना की है।

प्रदेशभर में नवमी पर कन्याओं को भोजन करवा कर उन्हें दक्षिणा भेंट की गई। पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून समेत प्रदेश के सभी जिलों में नवमी की धूम रही। बागेश्वर में भी शारदीय नवरात्र रामनवमी पर आज बागेश्वर जिले में कन्याओं का भोज कराया गया। उन्हें वस्त्र, दक्षिणा आदि भी भेंट की। सुबह से ही देवी मंदिरों में दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह हवन-पूजन, कन्या भोज व भंडारे के आयोजन किए गए।

जिले के गरुड़, बागेश्वर, कांडा, कपकोट, काफलीगैर, दुगनाकुरी, शामा तहसील क्षेत्र में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। घरों व मंदिरों में आयोजित हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं। नवरात्र के अंतिम दिन कन्याभोज के साथ मां जगदंबा की विदाई दी गई। लोगों ने पुण्य कमाने के लिए भंडारों का आयोजन किया। भद्राकाली, चंडिका, मां भगवती कठायतबाड़ा, कोट भ्रामरी, मैच्यूला मैया पालड़ीछीना में श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ की। महिलाओं ने कन्याओं को भोज कराकर अपना व्रत तोड़ा। नुमाइशखेत में आयोजित देवी और दुर्गा पूजा महोत्सव, खरेही में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में भी प्रसाद वितरित किया गया। वही रेड क्रॉस के सदस्यों ने अनाथ आश्रम में कन्याओं की पूजा कर उन्हें भोज कराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *