Sat. Sep 21st, 2024

कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र की जिला टिहरी प्रभारी लक्ष्मी राणा का नरेंद्रनगर में फूल मालाओं से भव्य स्वागत

स्थानीय समस्याओं को लेकर की पार्टी कार्यकर्ताओं से गहन मंत्रणा

वाचस्पति रयाल
नरेंद्रनगर। जैसे-जैसे 2022 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं,वैसे-वैसे जनता के बीच पार्टी नेताओं की गतिविधियां दिन-ब-दिन तेज होती जा रही हैं।
इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश स्तर पर बाकायदा चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन कर जिला प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है।
जनपद टिहरी का प्रभार पार्टी में कई बड़े पदों को सुशोभित कर चुकी श्रीमती लक्ष्मी राणा को सौंपा गया है। बताते चलें कि श्रीमती लक्ष्मी राणा कांग्रेश प्रदेश चुनाव घोषणा पत्र समिति की सदस्य हैं। जिन्हें पार्टी ने जनपद टिहरी का दायित्व सौंपा है।
अपने इसी कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को श्रीमती लक्ष्मी राणा नरेंद्रनगर विधानसभा का दौरा करते हुए नरेंद्रनगर पहुंची।जहाँ पूर्व ब्लाक प्रमुख विरेंद्र सिंह कंडारी,पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा,दुर्गा राणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। धमाँदा लाज़ में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती लक्ष्मी राणा ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई,बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से देश- प्रदेश की जनता त्रस्त है,डबल इंजन की सरकार सत्ता में मस्त है।

प्रदेश में विकास का पहिया जाम होने और दिन-ब-दिन बढ़ती कुव्यवस्थाओं को देख केंद्र सरकार हर तीसरे महीने इस प्रदेश में मुख्यमंत्री को बदलने को मजबूर है, कहा कि इससे प्रदेश की स्थिति और भी डाँवाडोल होती जा रही है। प्रदेश की जनता उत्तराखंड में अपना सशक्त भू कानून लागू करने की मांग को लेकर सड़कों पर है,तीर्थ पुरोहित आंदोलनरत हैं।
ऐसे में प्रदेश की बदतर होती जा रही स्थिति को बखूबी समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति आम जनता का बढ़ता रुझान यह दर्शाता है कि कांग्रेस 2022 में सत्तासीन होगी और भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी। पार्टी घोषणा पत्र में क्षेत्र के कौन-कौन सी समस्याएं अंकित की जाएं इसके लिए उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से गहन मंत्रणा की तथा समस्याओं को सूचीबद्ध किया। ताकि उन्हें चुनाव घोषणापत्र में रखा जा सके।

इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र सिंह कंडारी, पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा राणा,पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा,कांग्रेश शहर अध्यक्ष मनवीर सिंह नेगी, कांग्रेश जिला मंत्री विजय धमाँदा,पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश उनियाल व आशीष सकलानी ने नरेंद्रनगर में सब रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने,आपदा ग्रस्त डौंंर गांव को विस्थापित किए जाने, राजकीय पॉलिटेक्निक नरेंद्रनगर में सिविल और मैकेनिकल ट्रेड खोलने, पूर्व अर्धसैनिक बल के जवानों को पूर्व की भांति कैंटीन सुविधा बहाल कराने,नरेंद्रनगर में हाई कोर्ट की बेंच स्थापित किए जाने,नरेंद्रनगर को जिला बनाए जाने,जिले में हर ब्लॉक स्तर पर इंग्लिश मीडियम माध्यमिक विद्यालय खोले जाने सहित कई मांगे शामिल हैं।
बैठक में छविलाल,ज्ञानदेव सहित कई लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *