Tue. Sep 24th, 2024

मुख्यमंत्री ने बाढ़ क्षेत्र का किया दौरा

समाचार इंडिया/लक्सर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश के चलते सोलानी नदी का तटबंध टूटने के कारण लक्सर व देहात में आई बाढ़ क्षेत्र का दौरा किया। जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों को आवश्यक राहत सामग्री दिए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आासन दिया कि क्षेत्र में बाढ़ आने के कारणों का पता लगाकर उक्त समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को बाढ़ के पानी से निजात मिल सके। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार की शाम को सोलानी नदी का तटबंध टूटने के कारण बाढ़ के पानी ने क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया है।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासनिक अमले के साथ आज  लक्सर व खानपुर पहुंचकर बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बाढ़ ने लक्सर व खानपुर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। बाढ़ से बचाव राहत कार्य में जिला प्रशासन पूरी तरह से लगा हुआ है। वैसे तो पूरे प्रदेश में ही बाढ़ ने अपना कहर मचाया है। किंतु लक्सर खानपुर क्षेत्र बाढ़ के चलते ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हालात सामान्य होने के बाद बाढ़ के कारणों का भी पता लगाया जाएगा कि आखिर किन कारणों से लक्सर व खानपुर क्षेत्रों में बाढ़ आती है। इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की जाएगी, ताकि भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बाढ़ की विभीषिका का सामना ना करना पड़े। इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कार्य योजना बनाकर पूरी तैयारी करनी होगी, तभी लोगों को बाढ़ से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। जनजीवन सामान्य होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल बाढ़ पीड़ितों को जरूरत का सामान भिजवाया जाएगा, ताकि बाढ़ पीड़ितों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *