ताइक्वांडो में खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन, चार पदक जीते
समाचार इंडिया/बागेश्वर। जूनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो में जिले के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने चार पदक अपनी झोली में डाल लिए हैं। जिससे जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। खिलाड़ियों के यहां पहुंचने पर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने बताया कि सात से नौ जुलाई तक सिमोगा, कर्नाटक में जूनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो खेली गई। जिसमें जिले के खिलाड़ी अमन पांडे ने रजत, विनय, सुमन और अलीशा ने कांस्य पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी ताइक्वांडो में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जिला ही नहीं वरन प्रदेश का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खिलाड़ियों के यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। कोच अनीता पांडे, गोकुल खेतवाल, निर्णायक जगदीश जोशी टीम के साथ हैं। इधर, खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर जिलाधिकारी अनुराधा पाल, मुख्य शिक्षाधिकारी गजेंद्र सिंह सौन आदि खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं।