समाचार इंडिया। चमोली। जोशीमठ ब्लॉक में गढ़ी मंदिर से नीचे हेलंग गदेरे में दो शव मिले। जोशीमठ कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार हेलंग के प्रधान आनंद सिंह मोबाइल से सूचना दी कि एक व्यक्ति का शव गढ़ी मंदिर के नीचे हेलंग गदेरे में पड़ा है। सूचना पर तत्काल कोतवाली जोशीमठ से पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीमें घटना स्थल पर पहुंची। इस दौरान हेलंग गदेरे से एक व्यक्ति का शव बाहर निकाला गया। इसी स्थान के आस-पास तलाशी अभियान चलाया गया तो एक अन्य पुरुष का शव भी नदी में पड़ा मिला। इस शव को भी एसडीआरएफ की मदद से बाहर निकाला गया। दोनों शवों के पास कोई आईडी न मिलने के कारण शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस दोनों शवों के शिनाख्त के प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आस-पास के लोगों से जानकारी करने पर दोनों शव नेपाली मूल के प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा तैयार कर शिनाख्त को 72 घंटे के लिए जोशीमठ अस्पताल के मोरचरी में रख दिया है।