भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी

कुमाऊं मंडल में कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। जबकि गढ़वाल मंडल के कुछ इलाकों खासकर कुमाऊं से सटे हुए जनपदों में भी भारी बारिश होने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिर सकती है। बारिश व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए शासन ने भी संबंधित जनपदों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। क्योंकि भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका है। देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में भी आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। बाद में हल्की से मध्यम गति अथवा गरज के साथ बारिश की बौछार पड़ सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। यहां पर तापमान का अधिकतम व न्यूनतम स्तर क्रमश: 29.0 व 20.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

कुल मिलाकर मानसून विधिवत विदा होने से पहले एक बार फिर अपना असर दिखा रहा है। पिछले दो दिन से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में हर अंतराल बाद बारिश की बौछार पड़ रही है। बृहस्पतिवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम गति की बारिश हुई। रात को भी आसमान में बादलों का डेरा जमा रहा। इसी तरह देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। शाम को गरजन वाले बादल विकसित होने से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। वातावरण में कुछ हद तक ठंडक रही। आज यहां पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 30.6 व 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मसूरी, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की व आसपास के मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज कमोबेश ऐसा ही बना रहा। आज हल्की से मध्यम गति की बारिश हो सकती है।
