Sun. Nov 22nd, 2026

सरकार का रिपोर्ट कार्ड, घर घर पहुंचाएगी भाजपा: अरविंद मेनन

logo

देहरादून। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने आज कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी चुनावों के मद्देनजर बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को धार देने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी मजबूती के साथ अपने बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ जुटना होगा। मेनन ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए 51 फीसदी वोट का लक्ष्य और बूथ प्रबंधन पर आगे बढ़ने का आह्वाहन किया। कहा, हमे प्रत्येक बूथ पर 51 फीसदी से अधिक वोट प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम करना है। निचले स्तर तक समाज के हर वर्ग के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ना होगा। कार्यकर्ताओं को संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा के मूल मंत्र को अपनाते हुए जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ानी है और पार्टी के सभी कार्यक्रमों को पूरी मजबूती व समर्पण के साथ धरातल पर उतारना है। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के ऐतिहासिक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसे प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर तक ले जाना है। व्यक्तिगत संपर्क के साथ-साथ सोशल मीडिया और प्रचार-प्रसार के हर आधुनिक माध्यम का प्रभावी उपयोग करते हुए मोदी-धामी सरकार की उपलब्धियों पर जनता के बीच व्यापक चर्चा करनी है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए अरविंद मेनन ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर कांग्रेस के वास्तविक चरित्र को भी उजागर करना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि,”यदि भ्रष्टाचार का कोई ओलंपिक या खेल होता, तो उसमें गोल्ड मेडल सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस को ही मिलता। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अंग्रेजी वर्णमाला के ‘A’ से लेकर ‘Z’ तक कोई ऐसा अक्षर नहीं छोड़ा है, जिसके नाम से कोई घोटाला न किया हो।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डबल इंजन सरकार की नीतियों और राष्ट्रवाद के विचार को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि उत्तराखंड के हर बूथ पर भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *