5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा ‘सरस फूड फेस्टिवल’
देहरादून। देहरादून के रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक ‘सरस फूड फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि महोत्सव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों समेत विभिन्न विभागों की ओर से 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ राज्य के प्रसिद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। महोत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए खाद्य स्टॉलों के बीच प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा कृषि, उद्यान, उद्योग, पर्यटन, रेशम और सेवायोजन विभाग अपने लाभार्थियों के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विचार-विमर्श और गोष्ठियां आयोजित करेंगे।
