आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए
गोपेश्वर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने आज ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा प्रणाली, स्ट्रांग रूम तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने वेयर हाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, अलार्म सिस्टम, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण कर उनके सुचारु संचालन की पुष्टि की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा उपकरण हर समय पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा उनकी नियमित जांच एवं अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुरक्षा संबंधी चूक की संभावना न रहे।इस दौरान जिलाधिकारी ने वेयर हाउस में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, अभिलेखीकरण एवं उपलब्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मशीनों के संरक्षण एवं रखरखाव से जुड़े सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने गार्ड रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का सुरक्षित संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए स्ट्रांग रूम एवं निर्वाचन से संबंधित सभी संवेदनशील सामग्रियों का सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि मदन लोहनी, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि अनूप रावत सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
