Thu. Jul 23rd, 2026

निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए

बागेश्वर। जिलाधिकारी ने सीमांत कमस्यार क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क एवं स्कबर कार्यों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने तहसील काँडा के सीमांत कमस्यार क्षेत्र का भ्रमण कर वर्षा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों एवं निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खातीगाँव–देवतोली मोटर मार्ग के किलोमीटर 02 पर क्षतिग्रस्त कल्मट तथा बासफटान–रावतसेरा मोटर मार्ग के किलोमीटर 05 पर क्षतिग्रस्त स्कबर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि खातीगाँव–देवतोली मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त कल्मट का पुनर्निर्माण एसडीआरएफ मद से स्वीकृत 10.23 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। कार्य की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा इसे अगस्त माह के प्रथम सप्ताह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा कार्य के दौरान पेयजल लाइन को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे। पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता एन.के. जोशी ने बताया कि 29 जून को हुई भारी वर्षा के कारण उक्त कल्मट वॉशआउट हो गया था, जिसके बाद पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।इसके बाद जिलाधिकारी ने बासफटान–रावतसेरा मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कबर का निरीक्षण कर पीएमजीएसवाई अधिकारियों को शीघ्र निर्माण प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सड़क पर गिरे पेड़ों एवं मलबे को तत्काल हटाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि सीमांत क्षेत्र के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *