Wed. Jul 15th, 2026

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

देहरादून। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद में लघु सिंचाई एवं लघु डाल की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जल संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र किसानों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कृषि, उद्यान एवं मत्स्य विभाग को निर्देश दिए कि वे लाभार्थी किसानों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें तथा योजनाओं के परिणामों का स्थलीय स्तर पर आकलन भी करें। जिलाधिकारी ने जनपद में कोल्ड स्टोरेज की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश देते हुए विशेष रूप से शामा सहित अन्य उपयुक्त स्थलों को चिन्हित कर वहां कोल्ड स्टोरेज विकसित किए जाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण, विपणन तथा बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सुविधा मिल सके। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे क्षेत्रों का चिन्हांकन करने के भी निर्देश दिए, जहां सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध है। कहा कि इन क्षेत्रों में कृषि, उद्यान, मत्स्य एवं अन्य संबद्ध विभागों की योजनाओं का समेकित मॉडल विकसित किया जाए, जिससे उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग हो, फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिले तथा किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने लघु डाल के अधिकारियों को नाबार्ड में वित्त पोषण के लिए प्रेषित व जिले में संचालित योजनाओं से अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने व उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया तथा विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को तय समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *