जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए सैकड़ों नागरिक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को इंटर कॉलेज, क्वैराली (बागेश्वर) में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहाँ नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कुल 360 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 295 लाभार्थी विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। शिविर के दौरान प्राप्त 46 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न सेवाओं से संबंधित 14 प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन भी प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। वहीं दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह विष्ट ने पिछले पाँच वर्षों में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर तहसीलदार ऋतु गोस्वामी, निदेशक कुमाऊँ मण्डल विकास निगम दयाल सिंह ऐठानी, प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र, ग्राम प्रधान चामी सुंदर लाल,ग्राम प्रधान क्वेराली हरीश प्रसाद,ग्राम प्रधान अमसरकोट गिरीश सिंह टंगड़िया, अन्य जनप्रतिनिधि, जनपदस्तरीय अधिकारी, तथा बड़ी संख्य में नागरिक उपस्थित रहे।
