Thu. Jul 16th, 2026

खिलाड़ियों के चयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार

देहरादून। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना 2026-27 के अंतर्गत जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित जनपद स्तरीय, विकासखंड स्तरीय, न्याय पंचायत स्तरीय एवं नगर क्षेत्र स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी संचालन तथा खिलाड़ियों के चयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न कराई जाए, ताकि वास्तविक एवं पात्र खिलाड़ियों को ही योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर पारदर्शिता से समझौता न किया जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें। बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत चयन के लिए खिलाड़ी का जनपद का स्थायी निवासी होना अनिवार्य होगा। आयु निर्धारण के लिए जन्म प्रमाण पत्र अथवा विद्यालय द्वारा जारी अंकपत्र/बोनाफाइड प्रमाण पत्र मान्य होगा। चयनित खिलाड़ियों को अपने बैंक खाते की पासबुक की प्रति भी उपलब्ध करानी होगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि न्याय पंचायत, नगर पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्रों में चयन प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों का निर्धारण खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी अपने स्तर से प्रतिनिधियों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जिला एवं विकासखंड स्तर के खेल समन्वयकों को चयन प्रक्रिया के मानकों एवं दिशा-निर्देशों से अवगत कराएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली सभी चयन प्रक्रियाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए, जिससे चयन प्रक्रिया की पूर्ण पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर अधिकाधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को योजना का लाभ दिलाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *