बागेश्वर में LPG व पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारु
देहरादून। जनपद में घरेलू गैस (LPG) आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी निगरानी एवं समुचित प्रबंधन के फलस्वरूप वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी जी.बी. पांडे ने अवगत कराया कि मंगलवार को विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इण्डेन गैस सर्विस, बागेश्वर द्वारा शहरी क्षेत्र, तहसील रोड एवं मजियाखेत गेट क्षेत्र में 234 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। इसी प्रकार इण्डेन गैस सर्विस, गरुड़ द्वारा कज्यूली, सिटोली, द्वारारामपुर एवं कनस्यारी सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में 130 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। इण्डेन गैस सर्विस, कपकोट द्वारा पोथिंग एवं बैड़ामझेड़ा क्षेत्र में 190 तथा इण्डेन गैस सर्विस, कांडा द्वारा कमेड़ी देवी क्षेत्र में 100 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त शिखर भारत गैस सर्विस, शामा द्वारा बागेश्वर बाजार, कपकोट एवं भराड़ी क्षेत्र में 50 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। इस प्रकार जनपद में कुल 704 गैस सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं व्यवस्थित आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है। जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, जनपद के 14 पेट्रोल पंपों पर लगभग 71,915 लीटर डीजल एवं 74,837 लीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जिससे आमजन को लगातार विपरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकतानुसार ही ईंधन क्रय करें।
