Sun. Apr 19th, 2026

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

logo

देहरादून। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी तथा सभी विभाग समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई व चालान अभियान को और व्यापक बनाने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को आमजन व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बड़े स्तर पर फर्स्ट एड प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना में घायल को उपचार देने से कोई भी चिकित्सालय मना नहीं कर सकता तथा ई-डार प्रणाली का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

ट्रैफिक पार्क गांधी पार्क में विकसित किया जाएगा, जिससे बच्चों व युवाओं में जागरूकता बढ़े। अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान, रात्रि गश्त बढ़ाने, क्रेन से वाहनों को हटाने व सीसीटीवी निगरानी में रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी के माध्यम से चालान प्रक्रिया को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

सड़कों के गड्ढों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने, छोटे गड्ढों के लिए विशेष अभियान चलाने तथा परिवहन विभाग को लोनिवि व नगर निकायों के साथ समन्वय कर कार्य करने के निर्देश दिए गए। चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता, अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में छायादार विश्राम स्थल व पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

वर्ष 2025 की सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को दी गई आर्थिक सहायता की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सभी उपजिलाधिकारियों व अधिशासी अभियंताओं को एक सप्ताह में ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर रिपोर्ट देने तथा आरटीओ को संयुक्त निरीक्षण कर जोखिमपूर्ण मार्गों की सूची तैयार करने को कहा गया। राजस्व, पुलिस, परिवहन व नगर निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर नियमों का पालन व अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को क्रैश बैरियर की आवश्यकता व उपलब्धता की रिपोर्ट देने तथा सर्वेक्षण कार्य मई तक पूर्ण करने को कहा गया। लंबित मजिस्ट्रियल जांच शीघ्र पूर्ण करने और बस अड्डों पर शौचालय व पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, आरटीओ विमल पाण्डे, अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, एआरटीओ मंगल सिंह, उप निरीक्षक प्रवीण रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *