राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पुष्पों का विशेष महत्व : राज्यपाल
देहरादून। राज्यपाल Lt Gen Gurmit Singh ने देहरादून स्थित लोक भवन में 27 फरवरी से प्रारम्भ होने वाले वसंतोत्सव-2026 का कर्टेन रेजर जारी किया। कहा कि वसंतोत्सव 27 फरवरी से 1 मार्च प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक जनता के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला तथा कृषि आधारित उत्पादों को एक सशक्त मंच प्रदान करता है। इस आयोजन के माध्यम से कारीगरों, किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिलता है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पुष्पों का विशेष महत्व है और वसंत ऋतु सृजन तथा नव प्रेरणा का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में पुष्प उत्पादन रोजगार और आय के नए अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बना रहा है। आध्यात्मिक दृष्टि से पुष्प श्रद्धा, पवित्रता और कृतज्ञता के प्रतीक भी हैं। वसंतोत्सव में 15 मुख्य प्रतियोगिता श्रेणियों के अंतर्गत कुल 55 उपश्रेणियां होंगी। प्रत्येक उपश्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कुल 165 पुरस्कार निर्णायक मंडल के निर्णय के बाद 01 मार्च 2026 को विजेताओं को दिए जाएंगे।
