बहुउद्देश्यीय शिविर में हुए जनता की समस्याएँ हल
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड पाबौ की न्याय पंचायत पाबौ में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 20 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से 310 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जबकि 610 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। ब्लॉक प्रमुख पाबौ लता रावत ने शिविर को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए। शिविर में स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता भी रही। गौरा संकुल संघ पाबौ द्वारा 4500 रुपये तथा स्वयं सहायता समूह चुल्ला द्वारा 1320 रुपये की बिक्री की गई।राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
