करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित
पौड़ी। विकासखंड पाबौ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। डॉ. आकाशदीप ने मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश प्रक्रिया एवं संभावनाओं पर मार्गदर्शन किया। केंद्र प्रशासक ओएससी लक्ष्मी रावत ने अधिवक्ता एवं न्यायिक सेवाओं से जुड़े करियर विकल्पों, एलएलबी की तैयारी तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के प्रति जागरूक किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला ने विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की। समापन पर प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उपयोगी बताया।
