त्रियुगीनारायण बन रहा लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन
रुद्रप्रयाग। भगवान शिव और माता पार्वती के पौराणिक विवाह स्थल, त्रियुगीनारायण धाम, अब एक लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। जिला प्रशासन के प्रयासों और धार्मिक महत्त्व के चलते यहां होने वाली शादियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। त्रियुगीनारायण पुरोहित समिति के अध्यक्ष सचिन पंचपुरी के अनुसार, वर्ष 2022 में विवाह पंजीकरण शुरू होने के बाद से अब तक कुल 750 विवाह संपन्न हो चुके हैं। 2022 में 50, 2023 और 2024 में 200–200 जबकि 2025 में अभी तक 300 शादियां हो चुकी हैं। स्थानीय होटल, होमस्टे, परिवहन और फूल व्यवसाय पर इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। इधर, जनपद चमोली के थराली ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया भी त्रियुगीनारायण में विवाह बंधन में बंधे हैं।
