कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता: जिलाधिकारी
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चिन्यालीसौड़ तहसील के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, भवन की समग्र स्थिति और भविष्य में सरकारी कामकाज के लिए इसकी तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने इस दौरान विभिन्न कक्षों, अभिलेखागार, मीटिंग हॉल का अवलोकन किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की बाउंड्री और तहसील मार्ग निर्माण ,छत पर जाने हेतु सीढी निर्माण, शौचालय मरम्मत,विद्युत व्यवस्था के लिए सोलर पैनल के इंस्टालेशन व जेनरेटर व्यवस्था, वर्षामापी यंत्र और आपातकालीन सायरन की स्थापना करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने तहसील अंतर्गत कानूनगो और पटवारियों की वर्तमान स्थिति भी जानी और सभी को बी.एन.एस.एस के प्रशिक्षण दिए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया तथा अंश निर्धारण संबंधी समस्याओं को भी जाना। कहा कि नया तहसील भवन न केवल प्रशासनिक कार्यकुशलता में वृद्धि करेगा, बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा धरासू थाना का निरीक्षण किया गया। थाना पहुंचने पर जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर से सलामी दी गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रांगण,अभिलेखों, मालखाना,थाना डायरी, शस्त्रागार सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने थाने में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, समयबद्ध कार्रवाई और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में रिकॉर्ड के व्यवस्थित रख-रखाव तथा महिला सहायता कक्ष के समुचित संचालन पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी आवश्यकताओं तथा थाने की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने गंभीर अपराधिक मामलों, मादक पदार्थों से संबंधित एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े मामलों की अद्यतन जानकारी ली। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने राजस्व ग्रामों के दस्तावेज संबंधित अभिलेख पुलिस कार्यालयों में देने के लिए उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी समस्या या शिकायत के लिए निःसंकोच संबंधित थाने या जिला प्रशासन से संपर्क करें। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चिन्यालीसौड़ ब्लॉक मुख्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड प्रबंधन, विकास योजनाओं की प्रगति तथा जनसुविधाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन किया। तथा निर्देश दिए कि सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित किया जाए। ब्लॉक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा आम जनमानस की समस्याओं के निराकरण संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए हेल्प डेस्क का गठन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, सहायक खंड विकास अधिकारी अमन बिष्ट उपस्थित रहे।
