भारतीय सेना में शामिल हुए अग्निवीर
देहरादून। अग्निवीर कोर्स-6 बैच-2 के 456 अग्निवीर रिक्रूटस भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स में शामिल हो गये हैं। गढ़वाल रेजीमेंटल केंद्र के नायक भवानी दत्त जोशी, अशोक चक्र परेड ग्राउंड, लैंसडौन में आयोजित पासिंग आउट परेड में 31 सप्ताह के कठिन परिश्रम के पश्चात देश सेवा के लिए तैयार इन अग्निवीरों को भारतीय सेना में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ। ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र लैंसडौन ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली। उन्होंने सेना में शामिल अग्निवीर जवानों से देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हुए कर्तव्य का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने भारतीय सैनिकों के शोर्य और बलिदान के बारे में भी बताया। वहीं रानीखेत में 603 अग्निवीर ने देश सेवा की शपथ ली।
