मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस संवाद ऐप का शुभारंभ किया
खटीमा। पुलिस के बेहतर मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस संवाद ऐप का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कुमाऊं पुलिस की मिशन संवाद पहल को पूरे प्रदेश में लागू किये जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मिशन संवाद उत्तराखंड के सुरक्षित भविष्य के साथ-साथ पुलिसकर्मिंयों को तनावमुक्त रहने के लिए नए विचारों का आदान-प्रदान करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह ऐप पुलिसकर्मिंयों को अपने मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने में सहायता प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार राज्य की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्षम और संसाधन युक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पुलिसकर्मिंयों के लिए अत्याधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की है और उनकी सुरक्षा के लिए भी कई कदम उठाए हैं। साथ ही पुलिस के जवानों के परिवारों के कल्याण के लिए भी कई योजनाएं प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिसकर्मिंयों के आवासीय स्तर को सुधारने के लिए 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 380 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 में 42 करोड़ रुपये की लागत से 5 पुलिस थानों, 2 पुलिस चौकियों, 2 फायर स्टेशनों और 3 पुलिस लाइनों के प्रशासनिक भवनों का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 2024-25 वित्तीय वर्ष में 58 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान भी किया है, जिसका उपयोग विभिन्न भवनों के निर्माण के लिए किया जाएगा। सरकार ने राज्य गठन के बाद पहली बार 1105 पुलिस वाहनों की खरीद को मंजूरी दी है, जिसके अंतर्गत 29 करोड़ रुपये की लागत से 223 वाहनों का क्रय किया जा चुका है। सरकार द्वारा पुलिसकर्मिंयों के कल्याण के लिए पुलिस सैलरी पैकेज में 75 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा प्रदान किया जा रहा है।
