Tue. Oct 27th, 2026

तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद

logo

देहरादून। आगामी दिनों में चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। दो मई को बाबा केदारनाथ के कपाट भी खुलने हैं। ऐसे में तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जुट गया है। सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड डॉ आर राजेश कुमार के दिशा-निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को रुद्रप्रयाग में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान चलाकर प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त चेतावनी दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल के नेतृत्व में टीम ने नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार एवं बेलनी रोड़ स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई, परचून, रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल एवं सब्जियों के थोक विक्रेताओं सहित अन्य प्रतिष्ठानों में जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं उनके निर्माण व उपयोग की समाप्ति तिथि की गहनता से जांच की गई। एक मिठाई की दुकान में रखी गई लगभग आठ किलोग्राम बासी जलेबी को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से नष्ट किया गया। इसके अलावा कुछ प्रतिष्ठानों में रखे गए एक्सपायरी डेट के पैक्ड खाद्य पदार्थ जैसे बिस्किट, बेकरी सामान, और चाट मसाला को हटाया गया तथा प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *