संगतों का हुआ भव्य स्वागत
देहरादून। आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगी दून घाटी में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब हजारों की संख्या में संगतों ने 90 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (श्री झंडा जी) को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब तक पहुंचाया। श्री गुरु राम राय जी महाराज और श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के जयकारों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आज सुबह 6 बजकर 30 मिनट से ही संगतों का बॉम्बे बाग में जुटना शुरू हो गया था। वहां श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद दिया। सुबह 8 बजे, अरदास के पश्चात संगतों ने नए ध्वजदण्ड को कंधों पर उठाया और पूरे भक्ति भाव के साथ श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया। जैसे ही संगतें श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से टीएचडीसी चौराहा, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, लालपुल, मातावाला बाग और सहारनपुर चौक होते हुए श्री दरबार साहिब की ओर बढ़ीं, श्रद्धालु रास्ते भर पुष्प वर्षा कर स्वागत करते रहे। पूरे मार्ग पर गुरु महाराज के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर नया ध्वजदण्ड श्री दरबार साहिब परिसर पहुंचा तो पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। नए ध्वजदण्ड को साल के पेड़ की लकड़ी से तैयार किया गया है। शनिवार देर शाम से ही श्री दरबार साहिब में संगतों का पहुंचना शुरू हो गया था। पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने पहुंचे। ऐतिहासिक श्री झंडा महोत्सव 19 मार्च को श्री झंडे जी का आरोहण किया जाएगा और इसी के साथ श्री झंडा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा।
