Wed. Nov 25th, 2026

‘समरसता संकल्प यात्रा’ के देवभूमि पहुंचने पर हुआ अभिनंदन

देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के पावन उपलक्ष्य में डेरा सचखंड बल्ला (जालंधर, पंजाब) से निकाली जा रही देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के देवभूमि उत्तराखंड पहुंचने पर देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की सहित विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों व पुष्पवर्षा के साथ का भव्य अभिनंदन किया। यात्रा टोली की केंद्रीय एवं उत्तराखंड की सदस्य, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (भारत सरकार) की पूर्व सदस्य डॉक्टर सुश्री स्वराज विद्वान के नेतृत्व में यह रथ यात्रा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जन-जन तक समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश पहुंचाया रहा है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉक्टर विद्वान ने कहा कि यह रथयात्रा केवल एक धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं है, बल्कि समाज को हर प्रकार के भेदभाव से मुक्त करके और एक सूत्र में पिरोने का महा-अभियान है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने सदियों पहले एक ऐसे समरस और आदर्श समाज की कल्पना की थी, जहां ऊंच-नीच, जात-पात और असमानता के लिए कोई स्थान न हो। आज हम सभी का दायित्व है कि उनकी इस अमूल्य विचारधारा को अपने आचरण में उतारें। डॉ. विद्वान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में पूरे देश में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचारों, वाणी और शिक्षाओं को गांव-गांव व घर-घर तक पहुंचाने का ऐतिहासिक संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की सहित राज्य के तमाम क्षेत्रों में यात्रा को मिल रहा अपार जनसमर्थन इस बात का जीवंत प्रमाण है कि हमारी भारतीय संस्कृति की जड़ें आपसी सद्भाव, प्रेम और भाईचारे में गहराई तक जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *