अब अनजान नंबर से कॉल आने पर स्क्रीन पर दिखेगा नाम
नई दिल्ली। मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए भी 1 नवंबर से एक अहम बदलाव शुरू हुआ है। अब अनजान नंबर से कॉल आने पर सिर्फ मोबाइल नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले का नाम भी स्क्रीन पर दिखाई देने की सुविधा शुरू की जा रही है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने टेलीकॉम कंपनियों को कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सेवा लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस सुविधा के तहत कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी के आधार पर दिखाया जाएगा। अगर किसी नंबर का नाम पहले से आपके मोबाइल में सेव है, तो वही नाम दिखाई देगा। वहीं, सेव नहीं किए गए नंबर के मामले में कंपनी के रिकॉर्ड में मौजूद नाम प्रदर्शित किया जाएगा। फिलहाल यह सुविधा 4G और इससे नई तकनीक वाले नेटवर्क पर लागू की जा रही है। 2G, 3G और लैंडलाइन नेटवर्क पर इसे लागू करने को लेकर अलग से फैसला किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य अनजान कॉल की पहचान आसान बनाना और फर्जी कॉल के जरिए होने वाली धोखाधड़ी को रोकने में मदद करना है।
