विवाहिता को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया
पौड़ी/श्रीनगर। देवभूमि में बेटियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गहरा जख्म लगा है। जनपद पौड़ी के खिर्सू ब्लॉक (सिलाण गांव) में एक विवाहिता को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता उमा देवी इस समय जिला अस्पताल पौड़ी में जिंदगी की जंग लड़ रही है। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर बेटियां कब सुरक्षित होंगी? मायके पक्ष का आरोप है कि हैवानियत की यह वारदात 16 अप्रैल की सुबह अंजाम दी गई, लेकिन ससुराल पक्ष ने इसे पूरी तरह छुपाए रखा। भाभी के फोन से खुला राज: जब 19 अप्रैल को पीड़िता की छोटी भाभी ने हालचाल जानने के लिए फोन किया, तब पता चला कि उमा अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता के चाचा किरपाल सिंह का आरोप है कि उमा के ससुर ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई। उमा ने खुद अपने ससुर का नाम लिया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार उमा पर बयान बदलने का दबाव बना रहा है। इस मामले की शिकायत राज्य महिला आयोग तक पहुँच चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि उमा खतरे से बाहर है, लेकिन उसका चेहरा और शरीर बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
