Wed. Apr 22nd, 2026

कपाट खुलने से पूर्व बद्रीनाथ धाम पहुँचे मुख्यमंत्री, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देहरादून। प्रचलित चारधाम यात्रा के अंतर्गत कल प्रातः श्री बद्रीनाथ धाम के पावन कपाट खुलने से पूर्व आज उत्तराखंड के  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धाम आगमन हुआ। धाम पहुँचने पर हेलीपेड पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा उनका आत्मीय एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें हरित वृक्ष भेंट किया गया। तत्पश्चात माननीय मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ धाम में संचालित बद्रीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत माननीय मुख्यमंत्री भारत के प्रथम सीमांत गांव माणा गांव पहुँचे, जहाँ उन्होंने क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा विकास कार्यों का जायजा लिया। चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन हेतु उत्तराखंड पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *