देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिटी सेंटर स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम के बाहर 45 वर्षीय विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, विक्रम शर्मा सुबह लगभग 9 बजे जिम पहुंचे थे। करीब डेढ़ घंटे बाद जैसे ही वह नीचे उतरे, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलियां इतनी नजदीक से चलाई गईं कि उन्हें संभलने या जवाबी कार्रवाई का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। विक्रम शर्मा पर 50 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें 30 से अधिक हत्या के मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं। मूल रूप से काशीपुर से जुड़े विक्रम शर्मा पिछले कुछ समय से देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रहता था।