Thu. Dec 18th, 2025

कार खाई में गिरी, पांच बरातियों की मृत्यु

logo

चमोली। चमोली के बिरही-निजमूला मोटर मार्ग पर शुक्रवार रात बारात की कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने खराब मौसम के बीच बमुश्किल शवों को खाई से बाहर निकाला। रात तक दो मृतकों की ही शिनाख्त हो पाई थी। सीओ मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार शाम को एक बारात में शामिल पांच लोग कार से चमोली के मंगलौरी गांव से निजमूला के पगना गांव जा रहे थे। इस बीच बिरही से 10 किमी आगे कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना पर चमोली थाने से पुलिस मौके को रवाना हुई। बारिश के चलते रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। कार सड़क से डेढ़ सौ मीटर नीचे बिरही गंगा में गिरी थी। खड़ी चट्टान होने से शव को बड़ी मुश्किल से सड़क तक लाया गया। सीओ ने बताया कि पांच मृतकों में से दो की पहचान 46 वर्षीय सुरेंद्र लाल पुत्र लालू व 50 वर्षीय सुरेंद्र लाल पुत्र माधो के रूप में हुई। शेष तीन की पहचान अभी नहीं हुई है। डीएम चमोली संदीप तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में तेज आंधी-बारिश के बीच हादसा हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने फोन पर अधिकारियों से अपडेट लिया और उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *